आयुष्मान भारत योजना के लिए तुलसीपुर में चयनित निजी अस्पताल।
- फोटो : आयुष्मान भारत योजना के लिए तुलसीपुर में चयनित निजी अस्पताल।
श्रावस्ती/तुलसीपुर। भारत सरकार की आयुष्मान भारत योजना से जिले के पांच निजी अस्पतालों को जोड़ा गया है। अलग-अलग विकासखंडों में स्थित इन अस्पतालों में लोगों को निशुल्क उपचार की सुविधा मिल सकेगी।
प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएम-जय) के अंतर्गत जिले के गरीब व जरूरतमंद परिवारों को अब और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। जिले के सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ अब पांच निजी अस्पतालों को भी इस योजना से जोड़ दिया गया है, जिससे आयुष्मान कार्ड धारक निजी अस्पतालों में भी मुफ्त इलाज करा सकेंगे। आयुष्मान भारत योजना के तहत आयुष्मान कार्ड धारक पात्र परिवार को पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज मिलता है। योजना के तहत इलाज के दौरान भर्ती, ठहरने, भोजन, जांच और दवाइयां भी पूरी तरह से निशुल्क हैं। खास बात ये है कि योजना कागज रहित और नकदी रहित है।
इन अस्पतालों को जोड़ा
योजना से गिलौला ब्लॉक के तुलसीपुर स्थित आरके हॉस्पिटल, इकौना ब्लॉक के इकौना स्थित भगवती प्रसाद मिश्रा हॉस्पिटल और भिनगा में नव ज्योति हॉस्पिटल, चौधरी नर्सिंग होम व रेयान मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल को जोड़ा गया है। इन निजी अस्पतालों में अब आयुष्मान कार्ड धारकों को योजना का पूरा लाभ मिलेगा।