श्रावस्ती। भिनगा नगर में कोतवाली के निकट स्थित तालाब में गुरुवार को एक युवक कूद गया। उसे वाच रूम ड्यूटी पर तैनात फायरमैन ने देख लिया। इसके बाद मौके पर पहुंचे अग्निशमन कर्मियों ने युवक को तालाब में डूबने से बचा लिया। इसके बाद उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा ले जाया गया। उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
अग्निशमन केंद्र भिनगा में फायरमैन गोपाल राम गुरुवार को वाच रूम ड्यूटी पर तैनात थे। उन्होंने देखा कि एक युवक केंद्र के सामने स्थित तालाब के निकट गया और कुछ ही देर में मोबाइल तथा पर्स बाहर फेंक कर तालाब में छलांग लगा दिया। इस पर फायर मैन गोपाल राम ने तत्काल अग्निशमन केंद्र का घंटा बजा दिया। घंटे की आवाज सुनकर केंद्र प्रभारी वीरेंद्र प्रसाद टीम के साथ तालाब में कूदे युवक को बचाने के लिए मौके पर पहुंच गए।
टीम के सहयोग से युवक को तालाब से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसका प्राथमिक उपचार करके पेट से पानी निकाला गया। इसके बाद विभाग के वाहन से संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा ले जाया गया। युवक की पहचान भिनगा नगर के मोहल्ला हनुमानगढ़ी निवासी दीपक तिवारी (30) पुत्र रक्षाराम तिवारी के रूप में हुई। इलाज के बाद युवक की हालत सामान्य बताई जा रही है।
युवक को डूबने से बचाने वाले अग्निशमन प्रभारी सहित टीम में शामिल अजय कुमार चौबे, अखिलेश्वर सिंह, शोभाराम शुक्ला, साबिर हुसैन, सच्चिदानंद तिवारी, विजय शंकर यादव व दिलीप कुमार मिश्रा की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।