कटरा (श्रावस्ती)। अनलॉक-1 के लागू होने के बाद से ही तहसील प्रशासन की ओर से विशेष अभियान चलाकर बिना मास्क वाले लोगों का चालान किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को तहसीलदार इकौना ने कटरा कस्बे में चौकी प्रभारी के साथ अभियान चलाया। इस दौरान 50 लोगों से जुर्माना वसूला गया।
कटरा बाजार में तहसीलदार इकौना शिवध्यान पांडेय तथा श्रावस्ती चौकी प्रभारी अनिल कुमार दीक्षित द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान बगैर मास्क बाजार में घूमने वाले 15 लोगों से 100-100 रुपये जुर्माना वसूला गया। तहसील प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद कटरा बाजार में हड़कंप मच गया।
वहीं, तहसीलदार द्वारा पुलिस बल के साथ इकौना नगर के संजय पार्क, बस स्टाप, भिनगा बाईपास रोड, इकौना के साईं बाबा मंदिर, बेचू बाबा चौराहा सहित नगर के अन्य स्थानों पर पैदल गश्त किया गया। इस दौरान बिना मास्क के आने वाले लोगों व दुकानों में जाकर बिना मास्क लगाए बैठे दुकानदारों समेत 35 लोगों से जुर्माना वसूला गया।
इस दौरान तहसीलदार ने लोगों से मास्क अथवा गमछे का प्रयोग करने, बगैर मास्क व गमछा बांधे घर से बाहर न निकलने तथा दुकानदारों को बिना मास्क दुकान पर न बैठने तथा दुकानों के अंदर बिना मास्क लगाए आने वाले लोगों को सामान न देने का निर्देश दिया। इस दौरान सभी लोगों से दो गज की दूरी बनाए रखने की अपील भी की गई।