राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में बालिकाओं को साइबर सुरक्षा की जानकारी देते पुलिसकर्मी।
श्रावस्ती। छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाने के उद्देश्य से बुधवार को साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने राजकीय गर्ल्स इंटर कॉलेज, भिनगा में जागरूकता गोष्ठी आयोजित की। निरीक्षक चंद्रहास मिश्रा ने छात्राओं को साइबर ठगी के नए तरीकों व उनसे बचाव के उपाय बताए।
उन्होंने कहा, ऑनलाइन लेन-देन करते समय विशेष सावधानी बरतें, इंटरनेट बैंकिंग का पासवर्ड किसी से साझा न करें। केवल विश्वसनीय वेबसाइटों से ही ऑनलाइन खरीदारी करें। अनजान नंबरों से आने वाली ऑडियो या वीडियो कॉल न उठाएं।
यदि कोई व्यक्ति खुद को पुलिस, सीबीआई या कस्टम अधिकारी बताकर रुपये की मांग करे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। साइबर धोखाधड़ी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।