श्रावस्ती। टीका लगवाने के लिए मायके जाने की जिद करने पर बहू पर डंडे से हमला कर हत्या करने के आरोपी ससुर सिरसिया थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बनकटवा निवासी निराम अली को शुक्रवार को पुलिस ने जेल भेज दिया।
सीओ आलोक सिंह ने बताया कि आरोपी निराम अली ने 28 अक्तूबर सुबह अपनी बहू सबीना के सिर पर डंडे से हमला कर उनकी हत्या कर दी थी। घटना की सूचना पर पहुंचे मृतका के बाबा बलरामपुर जिले के रेहरा बाजार थाना क्षेत्र के बुधीपुर बंजरिया निवासी ननकऊ ने सिरसिया थाने में तहरीर दी थी। ननकऊ ने आरोप लगाया था कि ससुर निराम अली दहेज के लिए आए दिन उनकी पोती सुबीना प्रताड़ित करता था। दहेज की मांग पूरी न होने पर आरोपी ने सिर पर डंडे से हमला कर सबीना की हत्या कर दी। ननकऊ की तहरीर पर थाना प्रभारी दीपक कुमार दूबे ने हत्या, दहेज उत्पीड़न आदि धाराओं में प्राथमिक दर्ज की थी। शुक्रवार को आरोपी को न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया गया।