श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को शासी निकाय की बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता डीएम ने की। बैठक में उन्होंने किसानों को पराली न जलाने, उसका कंपोस्ट के रूप में प्रयोग करने तथा पराली को गोशाला में दान करने एवं कृषक उत्पादन संगठन को और मजबूत बनाने पर बल दिया।
बैठक में जिलाधिकारी नेहा प्रकाश ने विगत वर्ष किए गए कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही वर्तमान वित्तीय वर्ष में कराए जाने वाले कार्यों के प्रस्ताव को अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया। इसमें कृषक प्रशिक्षण व भ्रमण के लिए किसानों को गोविंद बल्लभ पंत विश्वविद्यालय पंतनगर, उत्तराखंड एवं नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या में आयोजित रबी किसान मेला में प्रतिभाग करने के लिए भेजना प्रस्तावित किया। साथ ही जिले में कार्यरत कृषक उत्पादक संगठन एवं अग्रणी सहयोगी कृषकों की ओर से उत्पादित गुणवत्तापूर्ण उत्पाद को उचित मूल्य पर निर्यात के लिए बढ़ावा देने को कहा।
जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वह धान की फसल की कटाई करने के बाद पराली न जलाएं। उसे कंपोस्ट में प्रयोग करें, इसके साथ ही गोशालाओं को दान करें। उनके बाई प्रोडक्ट बनाने तथा ईंधन के रूप में प्रयोग के लिए विपुल इंडस्ट्री बहराइच को बिक्री करें। इसमें किसान चाहे तो एनजीओ का सहयोग ले सकते हैं। उप कृषि निदेशक कमल कटियार ने बताया कि जिले में कृषि मेला, फसल प्रदर्शन, कृषक प्रशिक्षण, प्रचार आदि कराए जा रहे हैं। इसमें पशुपालन, उद्यान व मत्स्य विभाग की भी सहयोग लिया जा रहा है। बैठक में एसडीएम आशुतोष, सीवीओ डॉ. विनोद कुमार, अध्यक्ष कृषि विज्ञान केंद्र, जिला कृषि अधिकारी अवधेश कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।