श्रावस्ती/इकौना। इकौना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मारवाली निवासी लाले सिंह (41) को रविवार की सुबह गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज बहराइच पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक के बेटे ने मौत के हालात को संदिग्ध बताया है।
इकौना थाना क्षेत्र के मारवाली गांव निवासी दीपू ने बताया कि उनके पिता लाले सिंह रविवार की सुबह खेत में काम करने गए थे। कुछ देर बाद अचानक उनकी तबीयत खराब होने की सूचना मिली। उन्हें आननफानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। दीपू ने आरोप लगाया कि उनके पिता की अचानक हालत खराब होना और मौत उनकी समझ के परे है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद थाने में तहरीर दी जाएगी।