जमुनहा (श्रावस्ती)। रामपुर गांव के निकट खेत की जोताई कराने के लिए पेड़ के नीचे बैठे किसान व महिला पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। इस दौरान किसान की मौके पर मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची मल्हीपुर पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में लेकर घायल महिला को सीएचसी मल्हीपुर पहुंचाया। जिसे भिनगा रेफर कर दिया गया है। वहीं पुलिस ने लाश का पंचनामा भरा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर जाने वाले रास्ते की पटरी पर पेड़ लगा हुआ है। जिसके नीचे रामपुर निवासिनी बसंती (45) पत्नी प्यारे व थाना क्षेत्र के ग्राम मल्हीपुर कला के मजरा गंगापुर निवासी अब्दुल कादिर (28) पुत्र सरफराज खान बैठा था। यह दोनों अपने खेत की जोताई करवा रहे थे। तभी गंगापुर की तरफ से आलागांव निवासी सद्दाम ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर आ पहुंचा। इस दौरान ट्रैक्टर की गति काफी तेज होने के कारण वह अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया और बसंती व अब्दुल कादिर पर पलट गया।
इससे अब्दुल कादिर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बसंती गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची मल्हीपुर पुलिस ने परिवारीजनों के साथ बसंती को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मल्हीपुर पहुंचाया। जहां से चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने के कारण बसंती को संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने किसान के शव का पंचनामा भरा कर उसको पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
साथ ही ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में लेकर अपने साथ मल्हीपुर थाने ले आई। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर देवेंद्र कुमार पांडे बताते हैं कि मृतक की पत्नी सफीकुल की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।