संवाद न्यूज एजेंसी
श्रावस्ती। भिनगा वासियों को बरसात में जलभराव से बचाने के लिए नालियों व नालों की सफाई का काम शुरू करवा दिया गया है। ''''अमर उजाला'''' ने 29 मई के अंक में ''''नाले हैं चोक बरसात में जलभराव से जूझेंगे लोग'''' शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। जिसका संज्ञान लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष मोहम्मद इरफान ने सोमवार को ही ईओ अनीता शुक्ला समेत सभी कर्मियों के साथ बैठक कर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान निकालने पर बैठक की।
ईओ के निर्देश पर बुधवार को सफाई कर्मियों की टीम गठित कर अनूप सिंह व सुनील सिंह के घर के पास मुख्य नाले, कहारन मोहल्ला से बूढ़ी राप्ती जाने वाले प्रमुख नाले, मंगल भट्ठा सहित अन्य स्थानों पर मुख्य नालों की सफाई का कार्य प्रारंभ करा दिया है। ईओ ने बताया कि पहले बड़े नालों की सफाई होगी। इसके बाद अभियान चलाकर नगर के अन्य नालों व नालियों की बरसात से पूर्व सफाई का काम पूरा कर दिया जाएगा।