श्रावस्ती। विद्युत उपकेंद्र भिनगा के मछरिहवा फीडर की विद्युत लाइन में सोमवार रात हुई बूंदाबांदी के बाद अचानक फाल्ट हो गया। इसे मंगलवार दोपहर बाद दुरुस्त कराया जा सका। इसके चलते करीब चालीस गांव की विद्युत आपूर्ति चौदह घंटे बाधित रही। वहीं जिले में बढ़ी अघोषित कटौती से उपभोक्ताओं को रोस्टर की आधी बिजली भी नसीब नहीं हो रही है। बिजली की बार बार आवाजाही की समस्या के कारण लोग बेहाल हैं।
जिले में मंगलवार रात करीब दस बजे शुरू हुई बूंदाबांदी के बीच मछरिहवा फीडर की लाइन में ईट भट्ठे के निकट फाल्ट हो गया। इससे समूचे फीडर की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। इससे क्षेत्र के करीब 40 गांव पूरी रात अंधेरे में डूबे रहे। मौसम सामान्य होने के बाद मंगलवार दोपहर बाद मौके पर पहुंचे विद्युत कर्मियों ने लाइन दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल कराई।
इससे मछरिहिवा फीडर से जुड़े भिनगा नगर के सिविल लाइन, अब्दुल कलाम नगर, केशवपुरम, कृष्णनगर, वर्गावर्गी, चहलवा, मदरहवा, पतिझिया, मछरिहिवा, रामपुर ककरा, जब्दी सहित करीब 40 गांव की आपूर्ति पूरी रात बाधित रही। इसके चलते करीब आठ हजार उपभोक्ता व करीब डेढ़ लाख की आबादी पूरी रात अंधेरे में रही। इससे उपभोक्ताओं में पावर कॉर्पोरेशन के प्रति नाराजगी दिखी। वहीं जिले में विगत एक पखवारे से अंधाधुंध विद्युत कटौती की जा रही है।
इससे उपभोक्ताओं को रोस्टर की आधी बिजली भी नसीब नहीं हो रही है। बिजली की बार बार आवाजाही के कारण जहां लोग रात को चैन की नींद नहीं सो पा रहे हैं। वहीं दिन में भी लोगों को गर्मी से बेहाल देखा जा रहा हैं। इससे पावर कॉर्पोरेशन के प्रति लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस बारे में अधिशासी अभियंता पावर कॉर्पोरेशन रमाशंकर मौर्य ने बताया कि बारिश के बीच आपूर्ति बहाल होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई थी। जिसे दुरुस्त कराकर आपूर्ति सामान्य करा दी गई है। वहीं जिले में काफी लंबी लाइनें हैं ऐसे में फाल्ट आ जाते हैं। जिसे दुरुस्त करने के लिए आपूर्ति बाधित करनी पड़ती है।