फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

18 घंटे ठप रहे एक लाख आबादी की बिजली

विज्ञापन
विज्ञापन
श्रावस्ती। विद्युत उपकेंद्र भिनगा के मछरिहिवा फीडर में ब्रेक डाउन होने से लगभग 45 गांव व नगर के तीन वार्डों की बिजली आपूर्ति करीब 18 घंटे ठप रही। इससे क्षेत्र की करीब एक लाख आबादी बिना बिजली के रही। मंगलवार की सुबह फाल्ट दुरुस्त होने के बाद बिजली आपूर्ति व्यवस्था पटरी पर लौटी। वहीं विद्युत उपकेंद्र भंगहा के ट्रांसफार्मर में आई खराबी के कारण क्षेत्र की आपूर्ति बाधित हो गई। उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए उपकेंद्र केे फीडरों को भिनगा से आपूर्ति दी जा रही है। इससे उपभोक्ताओं को अघोषित कटौती झेलनी पड़ रही है।
विज्ञापन

विद्युत उपकेंद्र भिनगा के मछरिहिवा फीडर में सोमवार दोपहर बाद आए फाल्ट के कारण ब्रेक डाउन हो गया। इससे समूचे क्षेत्र की आपूर्ति ठप हो गई। इसके चलते नगर पालिका परिषद भिनगा के कृष्ण नगर, सिविल लाइंस, अब्दुल कलाम नगर वार्ड सहित हरिहरपुररानी विकास क्षेत्र के वर्गीवर्गा, चहलवा, मदरहवा, लौकीपुरवा, मछरिहिवा, महरी, लोनियनपुरवा, पतिझिया, ककरा, रामपुर ककरा, परसा, डेहरिया, कोड़री सहित 45 गांव की बिजली आपूर्ति बाधित रही।
उपभोक्ताओं के लगातार शिकायतों के बाद हरकत में आए पावर कॉर्पोरेशन के कर्मचारियों ने मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे फाल्ट दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल कराई। इसके चलते करीब एक लाख की आबादी लगभग 18 घंटे विद्युत आपूर्ति के लाभ से वंचित रही। मंगलवार सुबह आपूर्ति बहाल होने के बाद लोगों ने राहत महसूस की।
विज्ञापन

भंगहा के उपभोक्ताओं को भिनगा विद्युत उपकेंद्र से हो रही आपूर्ति
विद्युत उपकेंद्र भिनगा में बढ़े उपभोक्ताओं के कारण फीडरों पर भार बढ़ गया है। इसके चलते लोगों को अबाध विद्युत आपूर्ति से वंचित होना पड़ रहा था। उपभोक्ताओं को समस्या से निजात दिलाने के लिए भंगहा बाजार में 33 केवी विद्युत उपकेंद्र का निर्माण कराया गया था। इसके सहारे मछरिहिवा व भंगहा फीडर के अधिकांश गांवों को आपूर्ति दी जा रही है। सोमवार को विद्युत उपकेंद्र भंगहा के मुख्य ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई। इसके चलते समूचे उपकेंद्र की आपूर्ति ठप हो गई। उपभोक्ताओं के विरोध के बाद उन्हें राहत देने के लिए उपकेंद्र केे फीडरों को विद्युत उपकेंद्र भिनगा से आपूर्ति दी जा रही है। जिससे उपकेंद्र पर अधिभार बढ़ गया है। इससे बार बार हो रही ट्रिपिंग के कारण के उपभोक्ताओं को अघोषित कटौती का दंश झेलना पड़ रहा है।
भंगहा में ट्रांसफार्मर की जांच के लिए टेक्नीशियनों को बुलाया गया है। वह जांच कर रहे हैं, यदि ट्रांसफार्मर खराब निकला तो उसे बदलने में चार से पांच दिन का समय लग सकता है। तब तक उपभोक्ताओं को भिनगा से आपूर्ति दी जाएगी। इस समय बिजली की खपत कम होने के कारण लोड कुछ खास नहीं है। इसलिए उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं होगी। - रमाशंकर मौर्य, अधिशासी अभियंता, पावर कॉर्पोरेशन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें