श्रावस्ती। पुलिस कार्यालय सभागार में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर पुलिस अधिकारियों व थाना तथा चौकी प्रभारियों के साथ बैठक की। इस दौरान एसपी ने सभी जिलाबदर, गैंगेस्टर, वांछित अभियुक्तों, ईनामिया, एनबीडब्ल्यू के आरोपियों को अभियान चलाकर गिरफ्तार करने, शातिर अपराधियों के विरुद्ध गुंडा व गैगेस्टर एक्ट की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसपी अरविंद कुमार मौर्य ने कहा कि जिले में कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन, बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण लगाएं। नियमित रूप से रात्रि गश्त व क्षेत्र भ्रमण करें। बैंक व लेन देन वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतें, संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों का फोटो लें।
सांप्रदायिक भावना भड़काने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करें। सोशल मीडिया पर निगरानी रखें। डिजिटल वालेंटियर ग्रुप को अपडेट कर उनके साथ नियमित मीटिंग कर उनका सहयोग लें। बीट आरक्षी अपने बीट में भ्रमण कर आपराधिक व्यक्ति, मनबढ़ व्यक्ति, आय से अधिक खर्च करने वाले, अराजकता फैलाने वाले व्यक्तियों की निगरानी रखें, उन पर प्रभावी कार्रवाई करें। बीट में रह रहे सभी संभ्रांत व्यक्ति व पुलिस का सहयोग करने वाले व्यक्तियों से बेहतर तालमेल बनाएं।
नेपाल बार्डर से लगने वाले थाने अधिक सतर्क दृष्टि बनाये रखें। जिले में शस्त्र लाइसेंस धारकों का शस्त्र समयावधि में जमा कराएं। उन्होंने आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के शस्त्र लाईसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई के लिए थाना प्रभारियों को निर्देशित भी किया। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दूबे, क्षेत्राधिकारी इकौना महेन्द्र पाल शर्मा, प्रतिसार निरीक्षक विनोद कुमार सिंह समेत जिले के सभी थाना व चौकी प्रभारी, पेशकार पुलिस अधीक्षक तथा चुनाव सेल में नियुक्त अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।