नहर में वृद्ध का शव मिलने के बाद मौके पर जांच करते पुलिसकर्मी।
तुलसीपुर (श्रावस्ती)। मल्हीपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत भैसाही के पास राप्ती योजक नहर के साइफन में शुक्रवार सुबह वृद्ध का नग्न शव उतराता मिला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। मृतक के दाहिने हाथ में लाल कलावा और गले में तुलसी की माला मिली। सिर व हाथ पर हल्के, जबकि पीठ समेत शरीर के अन्य हिस्सों पर अधिक जले के निशान थे। इससे वृद्ध की हत्या कर शव नहर में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।
थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच की। सीओ क्राइम आलोक सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही जिले के सभी थानों में फोटो भेजा गया है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। शव को 72 घंटे के लिए मर्चुरी में सुरक्षित रखा गया है। पहचान नहीं होने पर नियमानुसार अंतिम संस्कार कराया जाएगा।