विकास भवन स्थित रापती सभागार में पीड़ितों की समस्या सुनतीं राज्य महिला आयोग सदस्य।
श्रावस्ती। राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रियंका मौर्या बुधवार को भिनगा स्थित निरीक्षण भवन पहुंची। इसके बाद विकास भवन सभागार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में उन्होंने महिलाओं की समस्याओं को सुना। साथ ही संबंधित अधिकारियों को मामले के निस्तारण का निर्देश दिया। इस दौरान कुल 20 शिकायतें आईं।
जनसुनवाई के दौरान राज्य महिला आयोग की सदस्य ने कहा कि बेटियों को शिक्षित करना अभिभावकों का प्रथम दायित्व है। सुखी वैवाहिक जीवन के लिए वर व वधू पक्ष के लोगों को बैठकर कुंडली मिलाने से पहले उनकी शिक्षा को आंकना चाहिए। साथ ही यह देखना चाहिए की उनकी बेटी व बेटा एक दूसरे के साथ खुशी से रह सकते हैं या नहीं।
उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध ने जहां पर प्रेम व अहिंसा का संदेश दिया है वहां पर महिलाओं का सम्मान न होना दुर्भाग्यपूर्ण है। भिनगा क्षेत्र की एक महिला की शिकायत सुनते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राशनकार्ड बनाने व संबंधित मामले की जांच कराकर कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिलाओं व बालिकाओं की हर छोटी-बड़ी शिकायतों को गंभीरता से लें। इस मौके पर एएसपी प्रवीण कुमार यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह, डीपीओ पीके दास, प्रधानाचार्य जीजीआईसी एकता यादव जिला समन्वयक बेसिक शिक्षा अजीत उपाध्याय, हरे कृष्ण चौबे सहित अन्य मौजूद रहे।
कृषि विभाग हमीरपुर के पास चारा सहित अन्य फसलों का बीज। स्रोत : कृषि विभाग