पुलिस की पाठशाला में मौजूद छात्राएं।- संवाद
गिरंट बाजार (श्रावस्ती)। सोशल मीडिया पर कुछ भी निजी नहीं होता है। आपकी एक छोटी से गलती आपको अपराधियों के चंगुल में फंसा सकती है। ऐसे में सोशल मीडिया का उपयोग बहुत सावधानी से करना चाहिए। खास कर महिलाओं व छात्राओं को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
सोशल मीडिया पर अंजान लोगों से दोस्ती न करें और निजी फोटो व जानकारी कभी साझा न करें। उक्त बातें गिरंट बाजार स्थित श्रीकृष्ण कृष्णा आदर्श इंटर कॉलेज में अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में एएसपी मुकेश चंद्र उत्तम ने कहीं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की मदद के लिए अब हर थाने में मिशन शक्ति केंद्र खोला गया है। इसे मिनी महिला थाना भी समझा जा सकता है। इस केंद्र पर आपकी शिकायत महिला अधिकारी सुनेंगी और महिला सिपाही जांच करेंगी। ऐसे में अगर आपके साथ किसी भी प्रकार का अपराध होता है तो तत्काल नजदीकी थाने के मिशन शक्ति केंद्र पर बताएं। एएसपी ने छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी बताया।
एएसपी ने कहा कि अशिक्षित महिलाएं जानकारी के अभाव में अपने साथ होने वाले अपराधों की सूचना नहीं दे पाती हैं, ऐसे में शिक्षा बहुत जरूरी है। आपकी जिम्मेदारी है कि आप अपने आसपास होने वाले अपराधों की सूचना टोल फ्री नंबर पर दें। आपकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी। कार्यक्रम को कॉलेज के प्रधानाचार्या सुनील कुमार यादव, प्रबंधक रमेश कुमार यादव व थाना प्रभारी महिमा नाथ उपाध्याय ने भी संबोधित किया।
छात्राओं ने छेड़छाड़ व साइबर अपराध पर पूछे सवाल
पुलिस की पाठशाला में इंटरमीडिएट की छात्रा निशा गुप्ता ने छेड़छाड़ करने पर होने वाली कार्रवाई, नैंसी गुप्ता ने साइबर ठगी होने पर रुपये वापस पाने का तरीका, आशियां, मोनिका व पल्लवी ने इमरजेंसी में त्वरित गति से काम करने वाले हेल्पलाइन नंबर के बारे में सवाल किया। सवालों का जवाब देते हुए एएसपी मुकेश चंद्र उत्तम ने बताया कि अगर कोई रास्ते में या स्कूल में छींटाकशी या छेड़छाड़ करता है तो इसकी शिकायत वीमेन पावर लाइन-1090 पर कर सकते हैं। साइबर ठगी पर तत्काल 1930 पर सूचना दें और बैंक में अपना खाता फ्रीज करवाने के बाद साइबर थाने में शिकायत दर्ज करवाएं। त्वरित गति वाले हेल्पलाइन नंबर को लेकर एएसपी ने बताया कि किसी भी हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर पुलिस की मदद मांगने पर तीन से पांच मिनट में पुलिस पहुंच जाती है।