श्रावस्ती। जिले में प्रवासियों का आगमन लगातार जारी है। ऐसे में अधिकारी प्रवासियों की सुविधाओं का ख्याल रखें। इस समय धूप व गर्मी तेज हो रही है। इसलिए उन्हें कोई असुविधा न हो इसका विशेष इंतजाम करें।
प्रवासी व आमजन सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए मास्क तथा सैनिटाइजर का प्रयोग कर रहे हैं अथवा नहीं इस पर भी ध्यान दें। यदि कोई बिना मास्क या सोशल डिस्टेंसिंग की अनदेखी करता मिले तो उस पर कार्रवाई करें।
यह बातें बुधवार देर शाम आयुक्त देवी पाटन मंडल गोंडा महेंद्र कुमार ने अधिकारियों से कही। मंडलायुक्त बुधवार को डीआईजी डॉ. राकेश सिंह के साथ श्रावस्ती आए थे। यहां उन्होंने जिले का भ्रमण कर लॉकडाउन की स्थिति का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने कोविड 19 बीमारी से बचाव के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार अधिकारियों को उसका अनुपालन कराने का निर्देश दिया। वह लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले में अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे।
डीआईजी ने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए सोशल डिस्टेंसिंग महत्वपूर्ण है। इसका हर हाल में अनुपालन कराया जाए। निगरानी समितियों के कहने पर भी यदि होम क्वारंटीन प्रवासी निर्धारित प्रोटोकॉल का अनुपालन नहीं करते है तो संबंधित क्षेत्र के थाना प्रभारी व बीट आरक्षी के संज्ञान में जरूर लाया जाय।
इसके बाद मंडलायुक्त व डीआईजी ने हरिहरपुररानी के ग्राम राजापुर जाकर होम क्वारंटीन प्रवासियों का हाल जाना। इसके साथ ही उन्हें इस बीमारी से बचाव के लिए एहतियात बरतने की सलाह भी दी।
उधर होम क्वारंटीन मजदूरों की ओर से नियमों का पालन किया जा रहा है, अथवा नहीं, इसका हाल जानने के लिए डीएम ने सीडीओ के साथ सिरसिया के सघई पुरवा, कोडरी, बकवा के मजरा कौवापुर का निरीक्षण किया।
यहां होम क्वारंटीन महाराष्ट्र व जालंधर से आए प्रवासियों से मिलकर उनका हाल जाना। साथ ही सभी को 21 दिन तक हर हाल में एहतियात बरतने व अलग वास करने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि सावधानी बरत कर ही कोरोना से बचा जा सकता है।
इसलिए होम क्वारंटीन लोग घर से बाहर कदापि न निकले। उनके घर के एक ही सदस्य जो निगरानी समिति की ओर से नामित हैं, सिर्फ वही घर की रोजमर्रा सामग्री को लेने बाहर जाएं। निगरानी समिति के सदस्यों की जिम्मेदारी है कि वह होम क्वारंटीन लोगों के घर के सभी सदस्यों को जागरूक करें कि वह प्रत्येक दशा में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के साथ ही मास्क, गमछा, दुपट्टा का प्रयोग करे। यदि ऐसा नहीं हुआ तो संबंधितों पर कार्रवाई की जाएगी।