श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को डीएम अश्विनी कुमार पांडेय की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड पर विकास कार्यों व सीएमआईएस पोर्टल पर निर्माण कार्यों के प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इसमें डीएम ने संबंधित अधिकारियों को रैंकिंग सुधारने का निर्देश दिया।
बैठक में डीएम ने कहा कि जिले को जनवरी को विकास व राजस्व कार्यों की संयुक्त रैंकिंग 11 मिली है। इसमें कुल 85 कार्यक्रमों में से 67 कार्यक्रमों में ए श्रेणी, पांच कार्यक्रमों में बी श्रेणी, तीन कार्यक्रमों में सी श्रेणी, पांच कार्यक्रमों में डी श्रेणी तथा पांच कार्यक्रमों में कोई श्रेणी प्राप्त नहीं हुई है। ऐसे में खराब रैंकिंग वाले विभाग अपनी कार्यशैली में बदलाव कर रैंकिंग सुधारें। इस दौरान सीएमआईएस पोर्टल पर एक करोड़ से अधिक लागत के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि जो भी परियोजनाएं शत-प्रतिशत पूर्ण हो चुकी है, उन्हें साैंपने की कार्रवाई की जाए। एक वर्ष से अधिक समय से लंबित परियोजनाओं को तेजी लाकर पूरा कराने का निर्देश दिया। इस मौके पर सीडीओ शाहिद अहमद, डीएसटीओ अजय कुमार यादव सहित अन्य मौजूद रहे।