श्रावस्ती। परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले दिव्यांग बच्चों को देवीपाटन शक्तिपीठ का भ्रमण कराया जाएगा। मंगलवार को बच्चों के दल को जूनियर हाईस्कूल भिनगा से बीएसए ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान बीएसए अमिता सिंह ने कहा कि दिव्यांग बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकार तमाम योजनाएं संचालित कर रही हैं। इन्हीं योजनाओं में दिव्यांग बच्चों को अपने जिले के बाहर किसी ऐतिहासिक, धार्मिक अथवा महत्वपूर्ण स्थल दिखाने के लिए एक्सपोजर विजिट की भी व्यवस्था की गई है। जिसके तहत आज हरिहरपुररानी व सिरसिया क्षेत्र के 60 दिव्यांग बच्चों को बलरामपुर के तुलसीपुर स्थित देवीपाटन मंदिर का भ्रमण कराया जाएगा।
जिला समन्वयक सर्व शिक्षा अभियान अजीत कुमार उपाध्याय ने बताया कि दस दिसंबर को जमुनहा क्षेत्र के बच्चों का बहराइच के डीएम व एसपी कार्यालय का भ्रमण कराया जाएगा। इससे पूर्व गिलौला व इकौना के दिव्यांग बच्चों को बहराइच का भ्रमण कराया जा चुका है। इस मौके पर बलवंत सिंह, अशोक पाठक, प्रतिभा सिंह, विनोद कुमार, आलोक कुमार व सत्य प्रकाश आदि शिक्षक मौजूद रहे।