तुलसीपुर (श्रावस्ती)। जिले में मंगलवार से संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत हो चुकी है। संचारी रोग पर प्रभावी रोकथाम के लिए सफाई व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रखने का निर्देश डीएम ने दिया है। इसके बावजूद गांवों में तैनात सफाई कर्मी अपने काम से कतरा रहे हैं। जिससे गांवों में गंदगी का अंबार लगा है। नालियां चोक होने से गंदा पानी मार्ग पर फैल रहा है।
वहीं परिषदीय विद्यालयों में सफाई न होने से परिसर में झाड़ियां तो शौचालयों में गंदगी का अंबार है। वहीं सफाईकर्मी इसका विरोध करने वाले ग्रामीणों से अभद्रता कर रहे हैं। ऐसा ही कुछ 24 जून को जमुनहा-भवनियापुर के जमुनहा बाजार में देखने को मिला। यहां बिना काम के ही सफाई कर्मचारी फोटो खींच रहे थे। मौजूद ग्रामीण अयोध्या प्रसाद ने विरोध किया तो गांव में तैनात सफाई कर्मी अभद्रता करते हुए ग्रामीण को मारने के लिए ईंट लेकर दौड़ा। ग्रामीण ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री सहित एडीओ पंचायत से की है। इसके बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। एडीओ पंचायत जमुनहा दिग्विजय सिंह ने बताया मुझे शिकायत नहीं मिली है। फिर भी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।