इकौना ब्लॉक परिसर में प्रदर्शन करते भाकियू कार्यकर्ता। - संवाद
इकौना। इकौना ब्लाॅक परिसर में मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन टिकैत की मासिक पंचायत का आयोजन किया गया। कार्यकर्ताओं ने बीडीओ को 10 सूत्री ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द ग्रामीण क्षेत्र की समस्याएं दूर कराने की मांग की।
तहसील अध्यक्ष रक्षाराम यादव ने कहा कि जयचंदपुर कटघरा, बेलहाराघव, गोपालपुर, जगदीशपुर, मनोहरापुर और परशुरामपुर सहित कई गांवों में हैंडपंप खराब हैं। कई हैंडपंपों से दूषित पानी आ रहा है। कई स्थानों पर खड़ंजों की ऊंचाई न होने से जलभराव की समस्या बनी रहती है। इसी तरह ग्रामीण क्षेत्रों में कई अन्य समस्याएं हैं।
कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की समस्याओं को दूर करने के लिए प्रशासन कोई ठोस कदम उठाता नजर नहीं आ रहा है। इस दौरान समस्याओं को दूर कराने के लिए बीडीओ इकौना उमेश कुमार को 10 सूत्री ज्ञापन सौंपा। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि समस्याओं का समाधान न हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर सोमई प्रसाद चौधरी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।