श्रावस्ती। कसौधन वैश्य समाज के लोगों ने मंगलवार को दीप वाटिका से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला। कसौधन वैश्य समाज को अन्य पिछड़ा वर्ग की सूची में शामिल करने की मांग को लेकर पीएम को संबोधित ज्ञापन डीएम कृतिका शर्मा को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि वर्ष 1997 में कसौधन समाज को प्रदेश सरकार ने अन्य पिछड़ा वर्ग की सूची में 38 नंबर पर शामिल किया था। तब से पूरे प्रदेश के कसौधन जाति का अन्य पिछड़ा वर्ग का जाति प्रमाणपत्र सभी जिलों में जारी किया जा रहा था। वर्ष 1997 से 2017 तक जिले के हजारों कसौधन समाज के लोगों को इसका प्रमाण पत्र जारी किया जा चुका है। लेकिन अब यह बताकर प्रमाणपत्र खारिज किया जा रहा है कि जिले में कसौधन जाति के लोग निवास नहीं करते हैं। जबकि भिनगा के पुरानी बाजार में वर्ष 1968 में स्थापित कसौधन समाज की एक धर्मशाला है। जिसका पंजीकृत बैनामा ही कसौधन समाज का पर्याप्त प्रमाण है। लेकिन 2017 से प्रदेश के कई जिलों जिसमें श्रावस्ती भी शामिल है यहां के अधिकारियों की उदासीनता के कारण कसौधन जाति का अन्य पिछड़ा वर्ग के अंतर्गत जाति प्रमाणपत्र जारी नहीं किया जा रहा है। इसमें कसौधन समाज के बच्चों को शिक्षा व नौकरी सहित सरकार की अन्य सभी सुविधाओं में आरक्षण का लाभ नहीं मिल रहा है। जिससे समाज के लोग आक्रोशित हैं। चेतावनी दी कि अगर चुनाव के पूर्व कसौधन समाज का जाति प्रमाणपत्र अन्य पिछड़ा वर्ग में जारी नहीं किया गया तो समाज के लोग नोटा का बटन दबाने को मजबूर होंगे। ज्ञापन देने वालों में जितेंद्र गुप्ता, दीनानाथ गुप्ता, राम रूप गुप्ता, राजेंद्र गुप्ता, प्रमोद कुमार गुप्ता, कृष्ण कुमार गुप्ता समेत काफी संख्या में समाज के लोग मौजूद थे।