श्रावस्ती। सिरसिया के गद्दीपुरवा निवासी एक युवक शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। उसका शव शनिवार देर शाम गांव के उत्तर नाले में उतराता मिला। सूचना पर पहुंची सिरसिया पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से लाश को नहर से बाहर निकलवाया। जिसका पंचनामा भरा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।
सिरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम गद्दीपुरवा निवासी ननकुन (30) पुत्र शोभन शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। जिसकी परिवारीजनों की ओर से तलाश की जा रही थी। परिवारीजनों की ओर से आसपास लोगों के घरों व रिश्तेदारों से भी संपर्क किया, लेकिन ननकुन का कोई पता न चल सका। इसके बाद परिवारीजनों ने अनहोनी की आशंका में पहाड़ी नाले, नहर व भिनगा जंगल में तलाश शुरू की।
इसी बीच शनिवार शाम गद्दीपुरवा निवासी कुछ ग्रामीण अपने खेत से काम कर वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान ग्रामीणों को गांव के उत्तर नहर में एक युवक की लाश उतराती दिखी। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने गांव आकर सिरसिया पुलिस सहित अन्य ग्रामीणों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से लाश को बाहर निकलवाया।
जिसकी पहचान ननकुन पुत्र शोभन के रूप में हुई। पुलिस ने लाश का पंचनामा भरा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। इस बारे में सिरसिया थाना प्रभारी रामसमुझ प्रभाकर का कहना है कि लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।