श्रावस्ती। पिता के साथ शनिवार को खेत पर काम करने गए कलकलवा निवासी भाई बहन गांव के कुछ अन्य बच्चों के साथ डगमरा नाले में नहाने चले गए। जहां पानी का बहाव तेज होने के कारण बालक का पैर फिसल गया। उसे बचाने के प्रयास में बहन भी डूबने लगी।
बच्चों की चीख पुकार पर बगल के खेत में काम कर रहे पिता ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को नाले से बाहर निकाला। बालक की हालत गंभीर होने के कारण उसे सीएचसी सिरसिया ले जाया गया। जहां से उसे भिनगा रेफर किया गया था। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बहन की हालत सामान्य बताई जा रही है।
सिरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम कलकलवा निवासी रामगोपाल वर्मा का खेत डगमरा नाले के निकट पड़ता है। शनिवार को रामगोपाल अपने धान के खेत में निराई करने गया था। इस दौरान उसके साथ उसका पुत्र प्रवेंद्र कुमार (10) व पुत्री तन्नू (14) भी गई थी। खेतों में काम करते समय गर्मी अधिक होने के कारण प्रवेंद्र व तन्नू गांव के कुछ अन्य बच्चों के साथ डगमरा नाले में नहाने चले गए।
जहां पानी का बहाव तेज होने के कारण अचानक प्रवेंद्र का पैर फिसल गया। जिससे वह पानी में डूबने लगा। जिसे बचाने के प्रयास में तन्नू भी नाले में डूबने लगी। बच्चों की चीख पुकार पर बगल के खेत में काम कर रहे रामगोपाल वर्मा ने अन्य ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को नाले से बाहर निकाला।
इस दौरान प्रवेंद्र की हालत गंभीर होने के कारण परिवारीजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसिया पहुंचाया। जहां से हालत गंभीर होने के कारण उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया गया। यहां पर इलाज के दौरान प्रवेंद्र की मौत हो गई। तन्नू की हालत सामान्य होने के कारण उसे घर भेज दिया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भराकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिवारीजनों को सौंप दिया है। बालक की मौत के बाद परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है।