श्रावस्ती। गिलौला क्षेत्र के ग्राम कटहा निवासी पंकज कुमार यादव (35) का शव रविवार रात उनके कमरे में फंदे से लटका मिला। यह देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम कटहा निवासी रामू ने बताया कि रविवार रात लगभग 10 बजे खाना खाने के लिए पंकज को बुलाने उनकी बेटियां गईं तो कमरा अंदर से मिला। खटखटाने पर जब दरवाजा नहीं खुला तो उनकी बेटी डाली ने झरोखे से देखा कि पंकज छत के कुंडे से लटके हैं। इस पर दोनों ने शोर मचाया।
शोर सुनकर पहुंचे लोगों ने पीआरवी पुलिस को सूचना दी। पुलिस कर्मी दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे तो देखा कि पंकज का शव दुपट्टे के सहारे लटक रहा था। शव उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रामू ने बताया कि उनके बड़े भाई पंकज परिवार से अलग रहते थे। उनके साथ ही उनकी पत्नी कुसुम व दो बेटियां रहती थीं। पति-पत्नी में किसी बात को लेकर तनाव चल रहा था। पांच नवंबर को उनकी पत्नी लड़ाई-झगड़ा करके मायके वालों के साथ इकौना क्षेत्र के ग्राम मोहनीपुर जमुनहा स्थित मायके चली गई थीं।