वीरपुर। ग्राम पंचायत मिश्रौलिया निवासी सुमित चौरसिया (22) का शव शनिवार सुबह संदिग्ध हालात में घर में फंदे से लटकता मिला। परिजनों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। नवीन माॅडर्न थाना प्रभारी लाल साहब सिंह ने फॉरेंसिक टीम के साथ जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक के चाचा पवन कुमार ने बताया कि रात में सुमित खाना खाने के बाद सो गया था, सुबह लगभग सात बजे उसका शव फंदे से लटकता मिला। परिजनों ने शव को नीचे उतार कर घटना की सूचना पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि सुमित ने आत्महत्या क्यों की इसकी जानकारी नहीं है।
वहीं, मृतक सुमित के मामा ने बताया कि उन्हें सुबह सात बजे सूचना मिली थी, उन्होंने शव को नीचे न उतारने की सलाह दी थी, लेकिन जब वो पहुंचे तो शव चारपाई पर रखा था। थाना प्रभारी लाल साहब सिंह ने बताया कि हर पहलू की जांच की जा रही है। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर तय होगी।