तुलसीपुर/जमुनहा (श्रावस्ती)। प्राथमिक विद्यालय बैजनाथ के पीछे स्थित तालाब के किनारे शनिवार सुबह एक युवक की संदिग्ध हालात में लाश पड़ी मिली। मौके पर पहुंचे मृतक के पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए मल्हीपुर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के बदला पुलिस चौकी अंतर्गत बैजनाथ प्राथमिक विद्यालय के पीछे एक तालाब स्थित है। जिसके किनारे शनिवार सुबह एक युवक की संदिग्ध हालात में लाश पड़ी दिखी। स्थानीय लोगों द्वारा इसकी जानकारी बदला पुलिस चौकी प्रभारी सुरेंद्र कुमार साहनी को दी गई। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी ने शव की शिनाख्त कराई।
इस दौरान युवक की पहचान सोनवा थाना क्षेत्र के ग्राम खजुरी के मजरा इटइहा निवासी रमेश मिश्रा (34) पुत्र गोली मिश्रा के रूप में हुई। मौके पर पहुंचे मृतक के पिता गोली ने अपने पुत्र की हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। मामले में बदला पुलिस चौकी प्रभारी का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। (संवाद)