श्रावस्ती। जिले में इस बार भी गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। इसकी रूपरेखा तय करने के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने का निर्देश भी दिया।
बैठक में जिलाधिकारी यशु रुस्तगी ने कहा कि 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर सुबह 7.30 बजे 10 किलोमीटर साइकिल रेस का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता कलेक्ट्रेट मुख्य गेट से पांडेपुरवा व वापस कलेक्ट्रेट मुख्य गेट तक होगी। इसमें बालक प्रतिभाग कर सकेंगे। वहीं स्पोर्ट्स स्टेडियम भिनगा में बालिकाओं के लिए सुबह 8 बजे तीन किलोमीटर दौड़ आयोजित की जाएगी। सुबह आठ बजे प्रभातफेरी व विभागीय झांकी निकाली जाएगी।
8.30 बजे सभी सरकारी कार्यालयों व भवनों पर ध्वजारोहण, राष्ट्रध्वज अभिवादन एवं राष्ट्रगान तथा संविधान में उल्लिखित संकल्प का स्मरण होगा। इस दौरान साइकिल रेस में विजयी प्रतिभागियों को कलेक्ट्रेट में पुरस्कार वितरण किया जाएगा। 9.00 बजे पुलिस परेड, इसके बाद स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा सैन्य विधवाओं एवं अभिभावकों का सम्मान होगा। 10.00 बजे सभी शिक्षण संस्थाओं में ध्वजारोहण, राष्ट्रीय एकता, अखंडता, धर्म निरपेक्षता एवं सांप्रदायिक सौहार्द पर आधारित कार्यक्रम, नाटक, विचार गोष्ठी एवं वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन तथा साक्षरता दौड़ आयोजित होगी।
दोपहर 1 बजे से विकास खंडवार साक्षरता गोष्ठी एवं साक्षरता संबंधी सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। हरिहरपुररानी विकास खंड का कार्यक्रम जूनियर हाईस्कूल भिनगा में होगा। शाम 3 बजे से वॉलीबॉल प्रतियोगिता होगी। जो स्टेडियम भिनगा में आयोजित की जाएगी। 5 बजे से बच्चों द्वारा अलक्षेन्द्र इटर कॉलेज भिनगा में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में सीडीओ अवनीश राय, एडीएम योगानंद पांडेय, सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, पुलिस क्षेत्राधिकारी डा. जंग बहादुर यादव, प्रभागीय वनाधिकारी एपी यादव, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एपी भार्गव, परियोजना निदेशक बीएम शुक्ला, सहायक महानिरीक्षक निबंधन पीएन सिंह सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।