सिरसिया (श्रावस्ती)। इलाहाबाद बैंक शाखा सिरसिया से सोमवार को वापस लौट रहे ग्राहक सेवा केंद्र संचालक को बाइक सवार बदमाशों ने रास्ते में तमंचे के बल पर रोक लिया। इसके बाद उसका बैग छीनकर तीन बदमाश मौके से भाग गए। वहीं चीखपुकार पर पहुंचे आसपास के ग्रामीणों ने तीन अन्य बदमाशों को दबोच लिया। सूचना पर पहुंची सिरसिया पुलिस उन्हें अपने साथ थाने ले गई।
सिरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम शिवगढ़ निवासी प्रमोद पांडे ने अपने घर पर ग्राहक सेवा केंद्र खोल रखा है। सोमवार को वह इलाहाबाद बैंक शाखा सिरसिया पैसा निकालने आया था। वहां पैसा न मिलने पर करीब 11 बजे वह घर लौट रहा था। जैसे ही वह थाना क्षेत्र के फरचलवा व बेलरी गांव के मध्य स्थिति पंचायत भवन के निकट पहुंचा, वहां पहले से मौजूद छह बाइक सवारों ने उसे रोक लिया।
इस दौरान एक बाइक सवार ने उसकी कनपटी पर तमंचा लगा दिया जबकि दूसरे बाइक सवार ने उसके पास मौजूद बैग छीन लिया। इसके बाद तीन बाइक सवार बैग सहित मौके से भाग निकले। पैसा न होने के कारण बैग को रास्ते में फेंक दिया। इस दौरान प्रमोद के शोर मचाने पर पहुंचे आसपास के ग्रामीणों ने अन्य बदमाशों को दबोच लिया।
इसके बाद इसकी जानकारी यूपी 112 सहित सिरसिया पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस तीनों बदमाशों को अपने साथ सिरसिया थाने ले गई। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक सिरसिया विनोद कुमार बताते हैं कि पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही उनके तीन अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।