श्रावस्ती। जिले में कारोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। रविवार की रात आई रिपोर्ट में दो प्रवासी कामगारों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसमें से एक मरीज को तो सोमवार की सुबह एल-1 हॉस्पिटल भंगहा शिफ्ट कर दिया गया, जबकि दूसरे को दोपहर दो बजे तक कोई भी पूछने तक नहीं गया। वहीं, स्वास्थ्य विभाग दोनों गांवों को हॉटस्पॉट बनाने का दवा कर रहा है।
कोरोना संक्रमण अब धीरे-धीरे गांवों में फैल रहा है। अब तक जिले में जितने भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं, उसमें से 90 फीसदी प्रवासी मजदूर हैं। रविवार की रात आई रिपोर्ट में दो कोरोना संक्रमित पाए गए। इसमें से एक भिनगा के नौबस्ता गांव का युवक है, जिसकी उम्र लगभग 25 वर्ष है। वह दिल्ली में रह कर घरों की पेंटिंग का काम करता था। पांच जून को वह ट्रेन से जिले में पहुंचा था। उसी दिन उसका सैंपल लिया गया। इसकी रिपोर्ट रविवार देर रात प्राप्त हुई तो वह कोरोना पॉजिटिव पाया गया। उसका कहना है कि सैंपल लेते समय उसे घर में ही रहने की हिदायत दी गई थी। घर में चार बहन, पत्नी व माता और पिता है। जब वह ट्रेन से लौटा था तो उस समय उसके साथ उसके पिता व गांव का एक अन्य व्यक्ति था, लेकिन सभी निगेटिव पाए गए। उसे ही पता नहीं कैसे कोरोना का संक्रमण हो गया।
वहीं, दूसरा व्यक्ति हरिहरपुररानी के शिवगढ़ कला है। वह मुंबई के ठाणे जिले में फुटपाथ पर रेडीमेड कपड़े का काम करता था। घर के सात लोग उसी के साथ मुंबई में रह कर यही कारोबार करते हैं। वह 28 मई को मुंबई से लौटा था। जबकि पांच जून को स्वास्थ्य विभाग ने उसका सैंपल लिया। उसमें कोराना संक्रमण की पुष्टि हुई। संक्रमित व्यक्ति ने बताया कि उसके घर में एक भाई अपने परिवार के साथ गांव में रहते हैं। घर में सभी का परिवार मिला कर 14 लोग हैं। सोमवार को कोरोना की पुष्टि होने के बाद होमगार्ड के दो जवान आए थे। घर के सभी सदस्यों का नाम लिख कर चले गए। यही नहीं उसे पुन: घर में रहने को कहा गया।
लगभग दो बजने को हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की कोई टीम उसकी पुन: जांच के लिए नहीं आई है। वहीं, इस संबंध में सीएमओ डॉ. एपी भार्गव का कहना है कि एक संक्रमित पहले ही शिफ्ट किया जा चुका है। दूसरे संक्रमित व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने के लिए मैं स्वयं गांव पहुंच चुका हूं। जहां संक्रमित मिले हैं। दोनों गांव को कंटेनमेंट एरिया बनाया जा रहा है। इसके साथ ही नजदीकी संपर्क की सूची तैयार की जा रही है।