श्रावस्ती। वैश्विक महामारी कोरोना को हराने के लिए सरकार पूरी तरह गंभीर है। जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तीन मई के बाद से दो सप्ताह के लिए लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। वहीं इसके विपरीत जिले में लॉकडाउन के दूसरे चरण में ही नियमों को दरकिनार करते देखा गया। पुलिस की उदासीनता के चलते जहां जिले के बाजार गुलजार हो रहे हैं, वहीं लोग सामाजिक दूरी को भी नजर अंदाज कर रहे हैं।
कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए यह आवश्यक है कि लोग अपने घर में ही रहें। विशेष परिस्थिति में यदि घर से बाहर निकलना ही पड़े तो मास्क लगाकर एक-दूसरे से कम से कम दो मीटर की दूरी बनाएं रखें। इतना ही नहीं बाजार व दुकानों पर भीड़ न हो इसके लिए कई आदेश व निर्देश भी जारी किए गए हैं जिसका जिले में अनुपालन होता नहीं दिख रहा है।
शुक्रवार को लॉकडाउन के तीसरे चरण की घोषणा के साथ ही शनिवार को लोग घर से निकल आए। रमजान को देखते हुए जहां लोग बाजार में खरीददारी करते दिखे, वहीं सामान्य लोग भी घरेलू उपभोग की वस्तुओं की खरीददारी में सोशल डिस्टेंसिंग को नजर अंदाज करते दिखे। ऐेसा ही कुछ शनिवार को भिनगा के नई बाजार, गिलौला कस्बा, इकौना, सिरसिया सहित अन्य बाजारों में भी देखने को मिला जहां पुलिस की उदासीनता के चलते लोग सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाते नजर आए।