फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तेज हवा, बारिश और ओलों से फसल बर्बाद

विज्ञापन
श्रावस्ती में शुक्रवार को तेज हवा के साथ गिरे ओले। - फोटो : SRAWASTI
विज्ञापन
श्रावस्ती। तराई में शुक्रवार भोर करीब तीन बजे चली तेज हवा की बीच गरज चमक के साथ जिले के कई हिस्सों में ओलावृष्टि हुई। इसके साथ शुरू हुई बारिश रुक रुक कर पूरे दिन जारी रही। इस बारिश ने रवी की फसलों में जहर घोल दिया। तेज हवा व ओलावृष्टि के कारण कई स्थानों पर गेहूं सहित अन्य फसलें गिर गई। इससे किसानों को उनके बर्बाद होने की चिंता सताने लगी है। वहीं जगह जगह व्याप्त कीचड़ व जलभराव ने लोगों की दुश्वारियां भी बढ़ा दी है।
विज्ञापन

जिले में विगत कई दिनों से सामान्य रहा मौसम गुरुवार मध्य रात के बाद अचानक बदल गया। तेज हवा के साथ अचानक सुबह करीब तीन बजे सोनवा, तिलकपुर, भिनगा, कटरा व सिरसिया के कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि हुई। इसके साथ शुरू हुई तेज मूसलाधार बरसात रुक रुक कर पूरे दिन जारी रही। तेज हवाओं के कारण खेतों में लगी सरसों, गेहूं, मसूर व अरहर सहित गन्ना आदि की फसलें गिर गई।
मार्च में तीसरी बार चली तेज हवा के साथ हुई बारिश व ओलावृष्टि ने किसानों की कमर तोड़ दिया है। किसानों को अपनी जमा पूंजी डूबने की चिंता सताने लगी है। वहीं इस बरसात व ओलावृष्टि के कारण आम की पैदावार भी काफी प्रभावित होगी। तेज बरसात के कारण जगह जगह व्याप्त कीचड़ व जल भराव के कारण लोगों का राह चलना भी दूभर हो गया है।
विज्ञापन

यहां हुई ओलावृष्टि
जिले में शुक्रवार भोर करीब साढ़े तीन बजे भिनगा नगर व उसके आसपास ओले गिरे। जबकि सिरसिया क्षेत्र के सोहेलवा से लेकर हथियाकुंडा व भिनगा जंगल तक सुबह नौ बजे के करीब ओले गिरे। यही हाल लक्ष्मननगर के आसपास तिलकपुर आदि क्षेत्र में भी देखने को मिला। वहीं सोनवा व तुलसीपुर क्षेत्र में बड़े ओले गिरे। ऐसा ही हाल इकौना के कटरा व वीरपुर चौराहा क्षेत्र का भी रहा। जहां गिरे ओलों से खेतों में लगी सरसों, मसूर, अलसी व गेहूं सहित बागों में लगे आम के बौर भी टूट कर गिर गए।
इन फसलों को होगा नुकसान
तराई में चली तेज हवा के साथ हुई ओलावृष्टि व बरसात ने खेतों में लगी गेहूं की फसल को काफी नुकसान पहुंचाया। तेज हवा के कारण जहां गेहूं की फसल गिर गई। वहीं अरहर के फूल व फलियां भी गिर गई। इनके खराब होने का खतरा बढ़ा है। साथ ही खेतों में लगी मसूर व अलसी सहित गेहूं की बाली, आम के बौर, लौकी, कद्दू, तरोई, करेला आदि लतादार सब्जियों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। तेज बरसात के कारण खेतों में लगी आलू के खराब होने का खतरा और बढ़ गया है।
कीचड़ से बढ़ी समस्या
जिले में रुक रुक कर हो रही बरसात के कारण भिनगा में तहसील परिसर, कृषि भवन, खलवा बाजार, पुरानी बाजार, सब्जीमंडी, मंगलभट्ठा, खैरीमोड़, खैरीमार्ग, खरगौरा मोड़, दहाना बस स्टैंड, जमुनहा बाजार, सिरसिया बाजार, गिलौला व कटरा कस्बा, इकौना नगर सहित कई अन्य स्थानों पर कीचड़ व जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। यही हाल नगर के मोहल्लों सहित गांवों का भी है। जहां जगह जगह व्याप्त कीचड़ व जल भराव के कारण लोगों को आवागमन में असुविधा हो रही है। वहीं मार्ग व पटरियों पर कीचड़ व फिसलन के कारण दुर्घटनाओं की संभावनाएं भी बढ़ गई हैं।
बेपटरी हुई बिजली व्यवस्था
तराई में तेज हवा के साथ हो रही रुक रुक कर बरसात के कारण जिले की बिजली व्यवस्था भी पूरी तरह से बेपटरी हो गई। इसका असर सिर्फ गांव ही नहीं नगरीय क्षेत्रों में भी देखने को मिला। जहां पूरे दिन बिजली की आवाजाही जारी रही। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी कई स्थानों पर जहां शुक्रवार भोर से आपूर्ति बाधित है। वहीं कुछ क्षेत्रों में बिजली आ जा रही है। वहीं पावर कॉर्पोरेशन के जिम्मेदार अधिकारी मौसम सामान्य होने पर आपूर्ति सामान्य होने की बात कह रहे हैं।
प्रभावित रहा न्यायालयों का कामकाज
जिले में शुक्रवार को हुई बरसात के बाद सदर तहसील भिनगा सहित इकौना व जमुनहा तहसील में फरियादियों की संख्या काफी कम रही। वहीं मौसम का असर न्यायालय पर भी दिखा। वादकारियों की संख्या कम होने व सप्ताह का अंतिम कार्य दिवस होने के कारण भिनगा में माडल डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने कार्य बहिष्कार किया। इससे मामलों की पैरवी करने आने वाले फरियादियों को सामान्य तिथि लेकर वापस लौटना पड़ा।
मुख्य मार्ग व बाजार में दिखा सन्नाटा
तेज हवाओं के साथ हुई बरसात व ओलावृष्टि का असर बाजारों में भी देखने को मिला। फसलों के बर्बाद होने से परेशान किसान बाजार नहीं आए। वहीं रुक रुक कर होने वाली इस बरसात व मार्ग पर कीचड़ व जल भराव की समस्या देख लोग घरों में ही दुबके रहे। ऐसे में शुक्रवार को मुख्य व संपर्क मार्ग सहित प्रमुख बाजार भी सूने सूने नजर आई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें