पुलिस ने दोनों पक्षों से केस दर्ज कर शुरू की जांच
लक्ष्मननगर (श्रावस्ती)। सोनवा गांव में सोमवार सुबह जमीन विवाद में चाचा-भतीजा आमने-सामने आ गए। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर लाठियां चलीं। इसमें दो महिलाओं सहित सात लोगों को चोट आई। इनमें चार की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
मौके पर पहुंची सोनवा पुलिस ने दोनों पक्षों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोनवा थाना क्षेत्र के ग्राम सोनवा निवासी कमलेश ने धान की रोपाई के समय अपने चाचा शत्रोहन के खेत की मेड़ काट दिया था। जिसे बाद में शत्रोहन ने जोतकर अपने खेत में मिला लिया था।
इसी बात को लेकर चाचा-भतीजा में तनातनी चल रही थी। सोमवार सुबह कमलेश अपना खेत देखने गया था। जहां शत्रोहन ने परिवार के ही दुखीराम, जगराम व कुसुमा देवी के साथ मिलकर उस पर हमला बोल दिया।
कमलेश की चीखपुकार पर पहुंचे उसके चचेरे भाई रामरूप व उनकी पुत्री पूनम देवी ने इसका विरोध किया तो सभी ने उन पर भी हमला बोल दिया। इस दौरान हुई मारपीट में पहले पक्ष के कमलेश, रामस्वरूप, पूनम व दूसरे पक्ष के दुखीराम, कुसुमा देवी, जगराम व शत्रोहन को चोट आई।
थाने से कुछ दूरी पर हुई मारपीट की सूचना पर पहुंची सोनवा पुलिस सभी को थाने ले आई। जिन्हें बाद में पीएचसी सोनवा ले जाया गया। जहां कमलेश, रामस्वरूप, शत्रोहन व दुखीराम की हालत गंभीर होने के कारण संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर किया गया है। मामले मेें पुलिस ने दोनों पक्षों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है।