जमुनहा (श्रावस्ती)। नौसहरा निवासिनी एक युवती का सिरसिया के बढ़ईनपुरवा निवासिनी अपनी बुआ के बेटे से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों की शादी भी तय हो गयी थी लेकिन दो दिन पूर्व फूफा व परिवार के अन्य लोगों ने शादी से इंकार कर दिया। इससे आहत होकर युवती ने घर के पीछे स्थित एक पेड़ पर दुपट्टे का फंदा बना कर जान दे दी। घटना की सूचना पर पहुंची मल्हीपुर पुलिस ने लाश का पंचनामा भराकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मणपुर कोठी के मजरा नौसहरा निवासिनी मंतुल (20) पुत्री मुस्ताक का प्रेम प्रसंग काफी दिनों से सिरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम बढ़ईनपुरवा निवासी अपने फूफा के लड़के फरीद अहमद के साथ चल रहा था। एक माह पूर्व दोनों का विवाह भी तय हो गया था। 24 मई को मंतुल की बारात आनी थी। जिसके लिए सभी तैयारियां की जा चुकी थी। बारात आने से दो दिन पूर्व ससुराल पक्ष ने शादी करने से इंकार कर दिया। इसके बाद मामला सिरसिया पहुंचा। जहां पुलिस ने सोमवार को दोनों पक्षों को थाने में बैठाकर आपस मे सुलह समझौता करा दिया था। थाने से वापस लौटने के बाद मंतुल देर शाम घर के पीछे स्थित आम के बाग में चली गई। जहां उसने अपने दुपट्टे का फंदा बनाकर आम की डाल से लटक कर अपनी जान दे दी। परिवारजनों की सूचना पर पहुंचे बीट के उपनिरीक्षक केशवराम मौर्य ने शव को फंदे से नीचे उतरवा कर शव का पंचनामा भरा कर पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भिजवाया।
मृतका के पिता मुस्ताक ने अपने बहनोई व दामाद के के विरुद्ध कार्रवाई के लिए पुलिस से शिकायत की है। प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर दद्दन सिंह बताते हैं कि अभी कोई तहरीर परिजनों की ओर से नहीं दी गई है। तहरीर मिली तो मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।