श्रावस्ती। प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए आज से अभ्यर्थियों की काउंसलिंग कराई जाएगी। जूनियर हाईस्कूल भिनगा में बुधवार सुबह दस बजे से शुरू हो रही यह काउंसलिंग तीन दिन तक चलेगी। जिले में इन शिक्षकों की नियुक्ति के बाद भी 1850 शिक्षकों के पद रिक्त ही रहेंगे।
जिले में कुल 889 प्राथमिक विद्यालय संचालित है। इन विद्यालयों में शिक्षण कार्य को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए 3882 पद सृजित हैं। इसके सापेक्ष जिले में मात्र 1752 शिक्षक ही तैनात हैं। ऐसे में रिक्त पदों को भरने के लिए 280 शिक्षकों की तैनाती होनी है। इनकी आज बुधवार सुबह दस बजे से जूनियर हाईस्कूल भिनगा मैदान में काउंसलिंग कराई जाएगी।
यह काउंसलिंग शुक्रवार तक चलेगी। ऐसे में नए शिक्षकों के मिलने के बाद भी जिले में 1850 शिक्षकों के पद रिक्त ही रहेंगे। इस बारे में और जानकारी देते हुए जिला बेसिक शिक्षाधिकारी ओमकार राणा ने बताया कि जिले में आवंटित शिक्षकों की संख्या रिक्त पद के सापेक्ष कम है। इसे बढ़ाने के लिए पत्राचार किया जाएगा।