संयुक्त जिला चिकित्सालय में दूसरे डोज का टीका लगवाते लोग
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। कोरोना से जंग जीतने को चल रहे वैक्सीनेशन के दौरान शुक्रवार को 2475 लोगों ने बचाव का टीकाकरण कराया। सीएचसी व पीएचसी पर हुए टीकाकरण में 1912 ने पहली बार जबकि 563 ने वैक्सीन की दूसरी डोज ली। इन्हें मिला कर जिले में अब तक टीकाकरण कराने वालों की संख्या 6324 हो गयी है। प्रशासन सभी की सुविधा के लिए सीएचसी पर सप्ताह में छह दिन और पीएचसी पर तीन दिन कोविड टीकाकरण करा रहा है। इस दौरान टीकाकरण कराने वाले को सिर्फ आधार कार्ड लाना जरूरी होता है।
डीएम टीके शिबु ने भी आम लोगों की जागरूकता को सभी से अपील की है कि 45 वर्ष से अधिक उम्र के वह लोग जो किसी भी बीमारी से ग्रसित है या फिर साठ वर्ष से अधिक आयु वर्ग के हैं, सीएचसी या पीएचसी में जाकर कोविड वैक्सीनेशन करा सकते हैं। बचाव को केवल एक बार डोज लेना काफी नहीं होता, 28 दिन के बाद दूसरी डोज लेना भी जरूरी होता है। सीएमओ डा. एपी भार्गव ने बताया कि सभी सीएचसी व पीएचसी के साथ ही संयुक्त जिला चिकित्सालय में भी वैक्सीनेशन कराया जा रहा है। आम लोग कार्यालय समय में वैक्सीनेशन करा सकते हैं।