श्रावस्ती/तुलसीपुर। गैस सिलिंडर की किल्लत कम होने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार को कुछ एजेंसियों पर सिलिंडर खत्म होने से सन्नाटा देखने को मिला। वहीं कुछ एजेंसियों पर सिलिंडर के लिए लंबी-लंबी लाइन देखने को मिली। लाइन के चलते लोगों को धक्का-मुक्की करते भी देखा गया। सिलिंडर की सीमित मात्रा के चलते कई उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ा।
भिनगा
लंबी कतार, घंटो करना पड़ा इंतजार
भिनगा स्थित राज इंडेन फिलिंग सेंटर पर शुक्रवार सुबह सैकड़ों उपभोक्ता गैस सिलिंडर लेने पहुंच गए। इसके चलते एजेंसी पर लंबी लाइन देखने को मिली। नवरात्र की नवमी होने के बाद भी उपभोक्ता पूजन छोड़ एक सिलिंडर की चाहत में लाइन में लगे दिखे। कस्बा निवासी अजय कुमार ने बताया कि तीन दिन से सिलिंडर के लिए दौड़ रहे हैं, आज सिलिंडर मिलने की उम्मीद है। वहीं वसीम ने बताया कि बुकिंग करवाने के बाद दो दिन बाद सिलिंडर मिलने की उम्मीद है, अगर नंबर आने से पहले सिलिंडर खत्म नहीं हो गया तो।
तुलसीपुर
लगातार चौथे दिन नहीं रहा सिलिंडर, लौटे उपभोक्ता
गिलौला विकास खंड के तुलसीपुर स्थिति अजय भारत गैस एजेंसी पर शुक्रवार को भी सिलिंडर नहीं रहा और दिन भर उपभोक्ता सिलिंडर के लिए एजेंसी का चक्कर काटते रहे। एजेंसी पर तैनात कर्मचारी अनिकेत पटेल ने बताया सोमवार की शाम 342 सिलिंडर आए थे, जो मंगलवार दोपहर बाद खत्म हो गये। उसके बाद सिलिंडर की मांग की गई है लेकिन अभी तक सिलिंडर नहीं आया है। शनिवार को सिलिंडर आने की संभावना है। सिलिंडर आने पर वितरण किया जाएगा।
जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग है, उन्हें सिलिंडर वितरित किया जा रहा है। जिले में सिलिंडर की कोई कमी नहीं है। मांग के अनुसार आपूर्ति लगातार मिल रही है। जिन लोगों की बुकिंग या केवाईसी नहीं है, सिर्फ उन्हें ही दिक्कत हो रही है।
दीपक कुमार वाष्र्णेय, जिला पूर्ति अधिकारी
तुलसीपुर स्थित गैस एजेंसी पर सिलिंडर न होने से पसरा सन्नाटा