श्रावस्ती। कटरा में निर्माणाधीन एयरपोर्ट का बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यों का जायजा लेते हुए गुणवत्तापूर्ण ढंग से मानक के अनुरूप अधूरे काम पूरा कराने के लिए राजकीय निर्माण निगम के अभियंता को निर्देश दिया।
कटरा में निर्माणाधीन एयरपोर्ट के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी टीके शिबु ने कहा कि अधूरे कार्यों को समय से गुणवत्ता पूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए। चेतावनी दी कि अगर कहीं कोई कमी मिली तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी। निरीक्षण के दौरान परियोजना प्रबंधक की गैर मौजूदगी पर नाराजगी जताई। इस दौरान उन्होंने एयरपोर्ट की 4000 मीटर नई बाउंड्रीवाल, रनवे, एप्रन, टैक्सी-वे, रोड, फायर स्टेशन, टर्मिनल बिल्डिंग के कामों का जायजा लिया। डीएम ने एयरपोर्ट कैंपस के अंदर किसी भी दशा में जलभराव न होने देने का निर्देश दिया। उन्होंने सेप्टिक टैंक बनाने का काम तेज करने को कहा। उन्होंने कैंपस के अंदर घास फूस, झाड़ झंखाड़ को साफ कराने का निर्देश दिया।
इस दौरान सहायक अभियंता ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि रनवे संचालन के लिए मिट्टी भराई का कार्य, बाउंड्रीवाल, सर्विस रोड, सौंदर्यीकरण एवं उद्यानीकरण का कार्य जल्द पूरा करवा लिया जाएगा। इस दौरान उपजिलाधिकारी आरपी चौधरी, सहायक अभियंता सरोज कुमार सिंह, अवर अभियंता राजेंद्र कुमार, जूनियर एअरक्राफ्ट मेकैनिक सैलानी राम सहित कार्यदायी संस्था एवं अन्य संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।