गिरंट बाजार। जमुनहा तहसील क्षेत्र में वर्षों से खस्ताहाल पड़ी सड़कें राहगीरों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई हैं। कई गांवों को जोड़ने वाली प्रमुख सड़कों पर गड्ढों की भरमार है और बजड़ियां बिखरी पड़ी हैं। सड़कों की बदहाली के कारण वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं, साथ ही वाहन भी जर्जर हो रहे हैं, जिससे वाहन स्वामियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। शासन-प्रशासन की उदासीनता से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
नहर पुल के पास जानलेवा गड्ढे
जमुनहा तहसील क्षेत्र क्षेत्र का कटवा-देवरा मार्ग वर्षों से बदहाल है। नहर पुल के पास सड़क दोनों तरफ से कटी हुई है और गहरे गड्ढों के साथ बजड़ियां बिखरी हैं। स्थानीय निवासी राजू खान, कामिल खान व एकलाख ने बताया कि लगातार हादसों के बावजूद जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। कई बार शिकायत के बाद भी स्थिति जस की तस है।
बदहाल बनकटी-कटिलिया मार्ग
बंजारनपुरवा पावर हाउस से बनकटी, सिटकहना, बाऊरपुरवा, रामपुरबस्ती व छेदीपुरवा होते हुए बहराइच के पिपरहवा कटिलिया तक जाने वाला मार्ग अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। इस प्रमुख मार्ग से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। राम बघैल, दिनेश यादव व सुफियान का कहना है कि गड्ढों के कारण यहां सफर करना जोखिम भरा हो गया है।
बंजारनपुरवा-नासिरगंज मार्ग पर बिखरी बजड़ियां
बंजारनपुरवा से खजुरी होते हुए नासिरगंज जाने वाले मार्ग पर जगह-जगह बजड़ियां बिखरी हैं और गड्ढों में ईंटें भरी गई हैं, जिससे वाहन चालकों को हिचकोले खाने पड़ते हैं। मुन्ना खां व कादिर अली ने बताया कि मार्ग सुधारने की मांग अनसुनी की जा रही है, जिससे प्रतिदिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं।
तहसील क्षेत्र की जर्जर सड़कों की जांच करवाकर संबंधित विभाग को भेजा जाएगा। जल्द सड़कों का निर्माण करवाकर उन्हें सुदृढ़ करवाया जाएगा।
आरपी सिंह, एसडीएम
क्षतिग्रस्त सड़क।
क्षतिग्रस्त सड़क।