श्रावस्ती। सर्दी का असर बना हुआ है। कोहरा और गलन से लोगों का सर्दी से बुरा हाल है। दोपहर में धूप निकली लेकिन सर्दी पर इसका असर बेअसर रहा। वहीं पूस माह में बरसात न होने के कारण किसानों के चेहरे पर मायूसी छाई है।
नेपाल के पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से कई दिनों से तापमान चार डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। साथ ही शाम से लेकर दोपहर तक घना कोहरा पड़ रहा है। हालांकि रविवार को दोपहर बाद धूप निकली लेकिन शीतलहर होने से धूप का असर नहीं दिखा। लोग सर्दी से परेशान रहे। पश्चिमोत्तर हवा के कारण ठिठुरन बरकरार रही। सर्दी से बचने के लिए लोगों को अलाव, हीटर,ब्लोअर का सहारा लेना पड़ा। इन दिनों सबसे मुश्किल हालात में मवेशी हैं। जिन्हें ठंड से बेहाल देखा जा रहा है। सर्दी के कारण पशुओं ने चारा खान कम किया है जिस कारण दुधारू पशु का दूध कम हो जाने से पशुपालक भी परेशान हैं। उधर पूस मास में बरसात न होने के कारण किसानों को अपेक्षित पैदावार न मिलने की चिंता सताने लगी है। किसानों का मानना है कि यदि पूस में बरसात हो जाती तो फसलों पर पड़ा पाला व कोहरा धुल जाता। जिससे पैदावार तो बढ़ती ही तो ठिठुरन भरी ठंड से भी निजात मिल जाती।