श्रावस्ती। कोविड-19 का टीका आने से पहले स्वास्थ्य महकमा तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। इसी के तहत केंद्र सरकार ने कोविड-19 टीकाकरण का हिसाब-किताब रखने के लिए को-विन पोर्टल लांच किया है। विभाग को कोविड वैक्सीन से संबंधित सभी जानकारियां पोर्टल पर अपडेट करनी होंगी। इसमें अस्पताल की सूची, टीके का हिसाब व प्रतिरक्षित कर्मियों की सूचना शामिल है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी व एसीएमओ डॉ. मुकेश मातनहेलिया ने बताया कि कोविड-19 का टीका आने पर पहले चरण में जिले के सभी राजकीय व प्राइवेट अस्पताल के स्टॉफ को लगाया जाएगा। इसमें सैंपलिंग आदि कार्य में लगे सभी स्टॉफ आशा, एएनएम तक को शामिल किया गया है। टीकाकरण के पहले चरण में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग (आईसीडीएस) को भी शामिल किया गया है। इन सभी कर्मियों का टीकाकरण कराने के लिए डेटा बेस तैयार किया जा रहा है। केंद्र से जारी गाइडलाइन के अनुसार सभी का डेटा को-विन पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
इसके साथ ही जिला प्रतिरक्षण अधिकारी की देखरेख में समय-समय पर इसकी मॉनिटरिंग की जाएगी। अस्पताल स्टॉफ की सूची अपलोड करने के साथ ही जिले में कोविड टीके का स्टॉक, प्रतिरक्षित किए गए कर्मियों व स्टाफ की सूचना को-विन पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। इस पोर्टल पर जिले के अधिकारियों से लेकर प्रदेश व केंद्र सरकार तक के अधिकारी जुड़े रहेंगे। इससे वैक्सीनेसन की प्रगति व वैक्सीन स्टॉक की स्थिति की ऑनलाइन समीक्षा हो सकेगी। जिले की सभी सीएचसी पर टीका लगाने की सुविधा है। जिस कर्मचारी को टीका लगेगा, उसका फॉलोअप भी किया जाएगा।
टीका लगने के बाद कर्मचारी के सेहत की जानकारी ली जाएगी। इसकी भी जानकारी पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। जिले में पोर्टल संचालन के लिए यूजर आईडी व पासवर्ड स्टेट की ओर से उपलब्ध कराया गया है। को-विन पोर्टल पर नर्सिंग व पैरामेडिकल स्टॉफ की सूची भी अपडेट की जा रही है। वैक्सीनेशन का अधिक टार्गेट मिलने पर इन सभी को प्रशिक्षित कर भविष्य में मदद ली जा सकती है। पोर्टल पर कर्मी का डिटेल फीड करने के लिए नाम, पैन कार्ड, वोटर आईडी, जन्मतिथि, इंप्लाई आईडी व मोबाइल नंबर देना जरूरी है। इसी से मिलान कर टीकाकरण किया जाएगा।