ककंधू गांव में बुखार फैलने की सूचना के बाद ग्रामीणों से जानकारी लेते सीएमओ डॉ. एके सिंह।
श्रावस्ती। ग्राम पंचायत ककंधू में फैले बुखार और संक्रमण की सूचना की खबर प्रकाशन के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। बृहस्पतिवार को सीएमओ डॉ. एके सिंह स्वास्थ्य टीम के साथ ककंधू गांव पहुंचे और बुखार पीड़ितों का हालचाल जाना। साथ ही अपने सामने शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण करवाया।
सीएमओ ने टीम के साथ गांव के विभिन्न मजरों में घर-घर जाकर बुखार, सर्दी, खांसी और संक्रमण के लक्षणों वाले मरीजों की जांच करवाई। उन्होंने बताया कि जरूरतमंदों को निशुल्क दवाइयां और चिकित्सा किट उपलब्ध कराई जा रही है। स्थिति नियंत्रण में है और पिछले 72 घंटों से स्वास्थ्य कर्मी गांव में लगातार कैंप कर रहे हैं। ग्रामीणों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। साथ ही बुखार के लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने या गांव में मौजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम या आशा को सूचित करने की भी अपील की गई है। सीएमओ के साथ सहायक शोध अधिकारी सुरेश यादव, सीएचसी गिलौला के अधीक्षक डॉ. एके तिवारी, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अखिलेश कुमार और डॉ. अतुल वर्मा शामिल रहे।