श्रावस्ती। नगर पालिका परिषद भिनगा के सफाई के दावे सोमवार को हुई झमाझम बारिश में बेनकाब हो गए। पालिका ने मानसून से पहले बड़े स्तर पर नाला और नालियों की सफाई का दावा किया था। इसके बावजूद पालिका क्षेत्र की कई प्रमुख सड़कें तालाब बन गईं और नाले उफन गए।
भिनगा-बहराइच मुख्य मार्ग
सोमवार सुबह लगभग एक घंटे तक हुई झमाझम बारिश से भिनगा-बहराइच मार्ग तालाब जैसा नजर आया। भिनगा-बहराइच मार्ग स्थित अस्पताल, मंदिर, एचडीएफसी बैंक आदि के आसपास सड़क पर दो से तीन फीट तक पानी भरा रहा। इसके चलते राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ईदगाह तिराहा भी जलमग्न
झमाझम बारिश के बाद ईदगाह तिराहे के पास भीजलभराव हुआ। इसके चलते आसपास के दुकानदारों व राहगीरों को मुसीबत का सामना करना पड़ा। राहगीर मुन्नन, कमलेश कुमार आदि ने बताया कि जलनिकासी की बेहतर व्यवस्था न होने से हर बार जलभराव होता है। बावजूद इसके पालिका प्रशासन की ओर से जलभराव से निजात के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
बारी मोहल्ला जाने वाला मार्ग में भरा पानी
नई बाजार से मोहल्ला बारी जाने वाला मार्ग पूरी तरह जलमग्न रहा। पानी के चलते सड़क व नाली के बीच राहगीरों को अंतर पता नहीं चल सका और कई राहगीर नाली में गिरकर चोटिल भी हुए। राहगीर अशोक शर्मा, मुकेश रस्तोगी, रुस्तम आदि ने बताया कि हर बरसात में मोहल्ले में जलभराव की यही स्थिति रहती है।
बाजारों में भी जगह-जगह जलभराव
नई बाजार में जगह-जगह सड़कों पर जलभराव रहा और नालियों का गंदा पानी बहता नजर आया। पुरानी बाजार में भी जगह-जगह सड़क पर पानी भरा नजर आया। बाइक सवार ननके, भोलानाथ, मनोहर, सर्वेश आदि ने बताया कि नाले व नालियों की साफ-सफाई के लिए जिम्मेदार ध्यान नहीं देते हैं, जिसका खामियाजा आम राहगीरों को उठाना पड़ता है।
भरा बारिश का पानी
भरा बारिश का पानी
भरा बारिश का पानी