श्रावस्ती। बैंक शाखाओं व ग्राहक सेवा केंद्र की सुरक्षा को लेकर जिला पुलिस की ओर से बुधवार को विशेष अभियान चलाया गया। एसपी के निर्देश पर पुलिस कर्मियों ने थाना क्षेत्र में पड़ने वाले बैंकों व ग्राहक सेवा केंद्रों में जाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिया।
पुलिस अधीक्षक अनूप सिंह के निर्देश पर बुधवार को सभी थाना व चौकी प्रभारियों ने बैंक शाखाओं में जांच के लिए विशेष अभियान चलाया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दूबे के नेतृत्व में भिनगा कोतवाली पुलिस ने नगर सहित आसपास क्षेत्र की बैंक शाखाओं में सुरक्षा व्यवस्था जांची।
पुलिस कर्मियों ने बैंक शाखाओं व ग्राहक सेवा केंद्रों के आसपास, अंदर बाहर सघन जांच कर सीसीटीवी, सायरन व संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की जांच की। क्षेत्राधिकारी नगर हौसला प्रसाद व क्षेत्राधिकारी इकौना तारकेश्वर पांडे के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों ने लोगों से बैंक आने का कारण पूछा साथ ही उन्हें सुरक्षा की जानकारी देकर जागरूक किया।
अनावश्यक रूप से मौजूद लोगों को बैंक के आसपास जमावड़ा न लगाने अन्यथा जेल भेजने की चेतावनी भी दी। पुलिस कर्मियों ने लोगों को कोरोना वायरस से बचाव के टिप्स भी दिए। साथ ही सामाजिक दूरी का पालन करने तथा मास्क, सैनिटाइजर आदि का उपयोग करने के लिए जागरूक किया।