श्रावस्ती। मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत महिला सशक्तीकरण के लिए विभिन्न अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में सीएचसी हरिहरपुर रानी में बुधवार को महिला कल्याण विभाग के हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन की ओर से कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
नवजात बच्चियों की माताओं से केक कटवाकर व किट वितरित कर कन्या जन्मोत्सव का शुभारंभ किया गया। जिला मिशन समन्वयक सरिता मिश्रा ने कहा कि हम सभी को बेटियों के जन्म पर भी उतनी ही खुशी होनी चाहिए, जितनी बेटों के जन्म पर होती है। बेटे और बेटी में किसी प्रकार का कोई भेद नहीं करना चाहिए। बेटियां अब किसी भी क्षेत्र में बेटों से पीछे नहीं हैं।
डॉ. सुनील शुक्ल ने कहा कि बेटियों का भी उचित पालन-पोषण व शिक्षा पर उतना ही अधिकर है, जितना बेटों का। बेटियां नित नए कीर्तिमान गढ़ रही हैं। इस दौरान जेंडर स्पेशलिस्ट ने महिलाओं को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके पर संदीप कुमार, जेंडर स्पेशलिस्ट संजय कुमार वर्मा सहित काफी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।