श्रावस्ती। प्राथमिक विद्यालय गिलौल में निर्माणाधीन पुस्तकालय में मानक विहीन निर्माण सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। इसका खुलासा मंगलवार सीडीओ की जांच में हुआ। इस दौरान सीडीओ ने कार्यदाई संस्था से स्पष्टीकरण तलब करने के साथ ही निर्माण सामग्री की जांच लैब से कराने का निर्देश दिया है। ऐसे ही सामुदायिक शौचालय सहित कई अन्य निर्माण कार्यों में भी खामियां पाई गई।
जिले में निर्माण कार्य गति पकड़ रहा है। इसी के साथ ही कार्यों में अनियमितता भी बरती जा रही है। इसका खुलासा बुधवार को सीडीओ की जांच में हुआ। सीडीओ ने प्राथमिक विद्यालय गिलौला कैंपस में निर्माणाधीन पुस्तकालय का औचक निरीक्षण किया था।
निर्माण कार्य में मानक के अनुरूप सामग्री का प्रयोग नहीं किया जा रहा था। ऐसे ही गिलौला बाजार में निर्माणाधीन सामुदायिक शौचालय के निरीक्षण के दौरान भी मानक विहीन निर्माण सामग्री का उपयोग होता देख सीडीओ ने यहां तत्काल हो रहे कार्य को रुकवा दिया।
जबकि दोनों स्थानों पर कार्यदाई संस्था से स्पष्टीकरण तलब करते हुए निर्माण में प्रयुक्त सामग्रियों की जांच लैब से कराने का आदेश दिया। इस दौरान सीडीओ अवनीश राय ने भिनगा स्थित ड्रग वेयर हाउस के पीछे निर्माणाधीन आशा-एएनएम ट्रेनिग सेंटर के साथ कलेक्ट्रेट के नजदीक निर्माणाधीन आप की सखी आशा ज्योति केंद्र (वन स्टाप सेंटर) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्य को समयावधि पर पूर्ण किया जाए। इस दौरान परियोजना निदेशक बाल गोविंद शुक्ल, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।