श्रावस्ती में डीएम कैंप कार्यालय ज्ञापन देने पहुंचे अधिवक्ता। -संवाद
बृजभूषण शरण सिंह के समर्थन में सड़क पर उतरे अधिवक्ता
अधिवक्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रावस्ती। कैसरगंज सांसद व राष्ट्रीय कुश्ती संघ के निवर्तमान अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के समर्थन में सोमवार को अधिवक्ता सड़क पर उतर आए। माॅडल डिस्ट्रक्टि बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने कैंप कार्यालय पहुंच कर राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन डीएम को सौंपा।
डीएम नेहा प्रकाश को सौंपे ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने कहा है कि अखिल भारतीय कुश्ती महासंघ के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष व कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ विरोधी ताकतों की सह पर कुछ खिलाड़ियों को मोहरा बनाकर मुकदमा दर्ज कराया गया है। जबकि सांसद ने अपने कार्यकाल में कुश्ती के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। भारत के ग्रामीण क्षेत्रों के कई खिलाड़ियों को अच्छा प्रशिक्षण और सुविधाएं दिलाते हुए उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पटल पर खेलने का मौका दिया। जिन्होंने भारत का नाम कुश्ती के क्षेत्र में रोशन भी किया है।
सांसद का कार्यकाल निर्विवाद रहा है। सांसद के विरुद्ध साजिश में शामिल लोगों को चिन्हित कर निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और वास्तविक तथ्य सामने लाया जाएं। साथ ही अधिवक्ताओं ने सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग भी की है। इस मौके पर काफी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। संवाद