श्रावस्ती। जिला कृषि अधिकारी व राजस्व विभाग के छापे में सिरसिया के चिल्हरिया स्थित उर्वरक गोदाम में पिछले दिनों भारी मात्रा में खाद डंप मिली थी। बृहस्पतिवार को डीएम अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर गोदाम संचालक रवींद्र गुप्ता पर केस दर्ज कर लिया गया।
जिला कृषि अधिकारी अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि मेसर्स रवींद्र कुमार गुप्ता के चिल्हिरिया स्थित गोदाम में भारी मात्रा में खाद मिली थी। जांच के दौरान गोदाम नंबर एक में यूरिया 344 बोरी व एनपीके 1064 बोरी, गोदाम नंबर दो में यूरिया लगभग 2000 बोरी व गोदाम नंबर तीन में यूरिया 4225 बोरी मिली थी। बरामद खाद के संबंध में विक्रेता रशीद उपलब्ध नहीं करवा पाए थे, जिस पर गोदाम को सील कर दिया गया था।
वहीं अब डीएम के निर्देश पर केस भी दर्ज करवाया गया है। साथ ही डीएम ने गोदाम में सील की गई खाद को पीओएस मशीन से किसानों को वितरित करने का भी आदेश दिया है। कृषि विभाग व पुलिस की मौजूदगी में खाद वितरित करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।