श्रावस्ती। विकास भवन सभागार में बृहस्पतिवार को सीडीओ शाहिद अहमद की अध्यक्षता में बूढ़ी राप्ती नदी के पुनरुद्धार की समीक्षा बैठक हुई। इसमें पूर्व में बूढ़ी राप्ती के पुनरुद्धार के लिए तैयार किए गए डीपीआर में मिलीं खामियों को दूर कर नया डीपीआर पेश किया गया। नए डीपीआर के सभी बिदुंओ पर चर्चा की गई।
बैठक में पेश किए गए नए डीपीआर के तहत बूढ़ी राप्ती के शुरुआती स्थल परसा डेहरिया में 16 मीटर की चौड़ाई तक कार्य करवाने व मनोहरापुर इकौना में मुख्य राप्ती में विलीन होने वाले स्थल पर 35 मीटर चौड़ाई रखने पर चर्चा की गई। इसके साथ ही इन स्थलों पर औसतन एक से डेढ़ मीटर मिट्टी व सिल्ट सफाई कार्य का प्रस्ताव भी रखा गया।
इस दौरान सीडीओ ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में नदी के पुनरुद्धार का कार्य नगर पालिका परिषद भिनगा से कराया जाएगा। जिन स्थानों पर मनरेगा से कार्य कराना संभव नहीं है, उन स्थानों पर एडीएम की देखरेख में जनसहभागिता से कार्य कराया जाएगा। उन्होंने बीडीओ इकौना व हरिहरपुररानी को बाढ़ खंड की देखरेख में मनरेगा के तहत प्रस्तावित स्थानों को चिह्नित करने का निर्देश दिया।