श्रावस्ति के भिनगा में करवा चौथ के लिए सजी दुकानें व खरीदारी करती महिलाएं।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। पति की लंबी आयु की कामना को लेकर गुरुवार को महिलाएं व्रत रखेंगी। करवाचौथ को लेकर महिलाओं में उत्साह है। बुधवार को महिलाओं ने व्रत की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक में महिलाओं ने नए परिधान से लेकर शृंगार के सामान की खरीदारी की। वहीं दुकानों पर करवा, सींक व कैलेंडर खरीदने के लिए भी भीड़ उमड़ी। उधर ग्रामीण क्षेत्रों में भाई बहनों के घर करवा पहुंचा रहे हैं। ऐसे में भिनगा व इकौना सहित जिले के अन्य बाजारों में रौनक नजर आई।
करवा चौथ पूजन के लिए सुहागिनें अपने अपने स्तर से तैयारियों को अंतिम रूप दे रही है। बुधवार को पर्व का उल्लास जिले भर में दिखाई दिया। शहर से लेकर गांव तक की बाजारों में सुबह से ही बड़ी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर खरीदारी की। महिलाओं ने गट्टा, चूरा, लइया समेत मिठाई आदि खरीदा। वहीं कपड़ों व सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर भी महिलाओं की भीड़ देखने को मिली।
सुबह से ही बाजारों में महिलाओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो देर शाम तक जारी रहा। उधर पर्व से एक दिन पहले महिलाओं ने मेंहदी रचाई। वहीं त्योहार को देखते हुए मिट्टी सहित तांबे, पीतल व स्टील के करवा भी बाजारों में सजे नजर आए। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग नए धान के चावल व करवा बहन व बेटियों के यहां पहुंचाते दिखे। भिनगा नगर में जहां पचास से सौ रुपये तक मिट्टी के रंग बिरंगे करवे मिल रहे हैं। वहीं बर्तन की दुकानों पर 200 से लेकर 900 रुपये तक के करवा मौजूद रहे। वहीं उपहार में साड़ी, जेवरात आदि देने के लिए लोगों ने खरीदारी की।
करवा चौथ का व्रत पहली बार रहने वाली भिनगा की संगीता ने बताया कि इस त्योहार को लेकर वह काफी उत्साहित हैं। इसकी तैयारी वह कई दिनों से कर रही हैं। पति की लंबी उम्र के लिए वह व्रत रखकर रात में पूजन करेंगी। वहीं जमुनहा की अनीता वर्मा ने बताया कि यह व्रत उनके लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। वह अपने परिवार की रीति के अनुसार व्रत व पूजन करेगी। उधर सिरसिया की श्याम कुमारी अपने घर की अन्य महिलाओं के साथ पारंपरिक रूप से पूजा करेंगी।