भिनगा में यूनियन बैंक के निकट मार्ग पर खड़े वाहन।
श्रावस्ती। भिनगा कस्बे में मार्ग की पटरियों पर एक बार फिर वाहनों ने कब्जा कर लिया है। वहीं पेट्रोल पंपों पर भी दो पहिया वाहन चालकों को बिना हेलमेट पेट्रोल दिया जा रहा है।शायद चंद दिनों की सख्ती समस्याएं दूर करने में कारगर नहीं है।
मार्ग की पटरी पर खड़े रहते वाहन
भिनगा-बहराइच मार्ग हो या भिनगा-सिरसिया मार्ग, दहाना तिराहे से लक्ष्मनपुर जाने वाला मार्ग हो या फिर नई बाजार, ईदगाह व अस्पताल चौराहा। हर जगह मार्ग की पटरियां वाहनों के कब्जे में ही नजर आती है। मार्ग की पटरियों से अतिक्रमण हटाने का अभियान चला तो कई बार पर कुछ दिनों बाद ही व्यवस्थाएं पुरानी राह पर लौट आईं। इसका कारण है कि सख्ती मात्र अभियान तक ही सिमट कर रह जाती है। अतिक्रमण की समस्या दूर न होने से राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
बिना हेलमेट दिया जा रहे पेट्रोल
जनवरी में नो हेलमेट नो फ्यूल अभियान चलाया गया था। कुछ दिनों तक तो लोगों में हेलमेट लगाने की बाध्यता दिखी। मगर समय के साथ ही अभियान की गति मंद हो गई। बृहस्पतिवार को भिनगा स्थित एक पेट्रोल पंप पर बाइक चालक धड़ल्ले से पेट्रोल भराते दिखे। वहीं पेट्रोल पंप कर्मी भी पेट्रोल देने से गुरेज नहीं कर रहे थे।
बिना नंबर चल रहे ई-रिक्शा
परिवहन व पुलिस विभाग की ओर से एक से 30 अप्रैल तक ई-रिक्शा सत्यापन का अभियान चलाया जा रहा है। बृहस्पतिवार को यातायात पुलिस ने 15 ई-रिक्शा का चालान किया।यातायात प्रभारी मोहम्मद शमीम ने बताया कि इनमें से कई ई-रिक्शा तो बिना नंबर चलते मिले। बीएसएनएल कार्यालय के पास जांच के दौरान बिना नंबर ई-रिक्शा पकड़ा गया तो चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने वाहन कब्जे में ले लिया।